भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया की मानहानि याचिका पर सुनवाई के दौरान CJP प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका ने सोशल मीडिया पर साझा की गई विवादित पोस्ट हटाने पर सहमति जताई. दिल्ली हाईकोर्ट के सामने दोनों ने पोस्ट 24 घंटे के भीतर हटाने की बात कही.

अदालत ने मामले में सौरव दास, आशुतोष रांका और CJP संस्थापक अभिजीत दीपके को समन जारी किया है. कोर्ट ने Meta और X से कहा कि भविष्य में अगर इन्हीं पोस्ट की हूबहू कॉपी दोबारा साझा की जाती है और भाटिया शिकायत करते हैं, तो उसे हटाने पर कार्रवाई की जाए.

क्या है विवाद

यह मामला CJP कार्यकर्ता नीशू आजाद के पिता संजय कुमार पर कथित हमले से जुड़ा है. CJP का आरोप है कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान स्वतंत्र भारद्वाज और अन्य लोगों ने संजय कुमार के साथ मारपीट की. संगठन ने स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ FIR और कार्रवाई की मांग की थी.

इसी दौरान सौरव दास ने एक ग्राफिक साझा किया था. उसमें गौरव भाटिया की तस्वीर और नाम के साथ स्वतंत्र भारद्वाज के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी समेत कई बातें लिखी थीं. भाटिया ने ऐसे किसी बयान से इनकार किया और पोस्ट को फर्जी बताया. दास ने बाद में कहा कि ग्राफिक AI से बनाया गया था. रांका पर दास की पोस्ट दोबारा साझा करने का आरोप है.

कोर्ट ने बिना जांचे पोस्ट पर जताई आपत्ति

जस्टिस तुषार राव गेडेला ने सुनवाई के दौरान कहा कि विरोध करने के कई तरीके हो सकते हैं, लेकिन बिना जांचे इस तरह किसी पर हमला करना सही नहीं है. अदालत ने यह भी कहा कि सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है, पर उसे उचित तरीके से रखा जाना चाहिए.

सौरव दास के वकील ने कहा कि एक विवादित पोस्ट पहले ही हटाई जा चुकी है. कोर्ट ने हालांकि एक अन्य पोस्ट साझा किए जाने की बात कही और दोनों नेताओं के वकीलों से उनके मुवक्किलों से बात कर बाकी सामग्री हटाने के संबंध में निर्देश लेने को कहा. इसके बाद दास और रांका ने भी पोस्ट हटाने पर सहमति जताई.

अदालत ने दोनों से यह भी कहा कि वे युवा हैं और उनके सामने पढ़ाई तथा अन्य काम हैं, इसलिए उन्हें अपना समय मुकदमेबाजी में क्यों लगाना चाहिए.

अभिजीत दीपके को समन पर कोर्ट का सवाल

सुनवाई के दौरान अदालत ने CJP संस्थापक अभिजीत दीपके को पक्षकार बनाए जाने पर सवाल उठाया. कोर्ट ने पूछा कि उनके खिलाफ ऐसी कौन-सी पोस्ट या सामग्री है, जिसके आधार पर उन्हें मामले में शामिल किया गया है.

दीपके के वकील ने कहा कि उनके खिलाफ कोई विवादित ट्वीट नहीं है. अदालत ने भी कहा कि पहली नजर में दीपके के खिलाफ कोई पोस्ट सामने नहीं आई है. इसके बावजूद उन्हें मामले में समन जारी किया गया.

भाटिया ने ₹2 करोड़ हर्जाने की मांग की

गौरव भाटिया अदालत में पेश हुए. उन्होंने कहा कि उनकी तस्वीर के साथ फर्जी बयान लगाया गया और उसे इस तरह पेश किया गया, जैसे बयान उन्होंने दिया हो. उनके अनुसार, ग्राफिक में एक न्यूज एजेंसी का लोगो भी इस्तेमाल किया गया था.

भाटिया की याचिका के मुताबिक, पोस्ट को 1.32 लाख से अधिक लोगों ने देखा और इससे उनकी छवि को नुकसान हुआ. उन्होंने CJP नेताओं के खिलाफ ₹2 करोड़ के हर्जाने और ऐसी सामग्री दोबारा साझा करने पर रोक लगाने की मांग की है.

इस मामले से जुड़े घटनाक्रम में दिल्ली पुलिस ने 5 सितंबर को स्वतंत्र भारद्वाज को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से गिरफ्तार किया था. गिरफ्तारी और जंतर-मंतर से जुड़े मामलों पर अलग सुनवाई में भारद्वाज के वकील ने FIR को लेकर सवाल उठाए थे.