दिल्ली हाई कोर्ट ने पतंजलि आयुर्वेद लिमिटेड से जुड़े सात मामलों में आयकर अपीलीय न्यायाधिकरण (ITAT) के आदेश रद्द कर दिए हैं. अदालत ने मामलों की नए सिरे से सुनवाई किसी दूसरी ITAT पीठ के सामने कराने का निर्देश दिया है.
यह आदेश दिल्ली के प्रधान आयकर आयुक्त, सेंट्रल-1 की ओर से दायर अपीलों पर आया. ये अपीलें वित्त वर्ष 2013-14 से 2015-16 और 2017-18 से संबंधित सात मामलों से जुड़ी थीं.
न्यायमूर्ति दिनेश मेहता और न्यायमूर्ति राजनेश कुमार गुप्ता की खंडपीठ ने ITAT की प्रक्रिया में गंभीर कमियां और पर्याप्त तर्क के अभाव को रेखांकित किया. अदालत ने कहा कि सभी सात अपीलों का निपटारा एक साझा आदेश से किया गया, लेकिन उसमें करदाता की दलीलों और कार्यवाही में उठाए गए मुद्दों पर पर्याप्त विचार नहीं किया गया.
हाई कोर्ट ने कहा कि उसकी चिंता आदेश की लंबाई को लेकर नहीं, बल्कि ITAT के दृष्टिकोण में दिख रही “दिमाग का इस्तेमाल न करने और अनुचित जल्दबाजी” को लेकर है. अदालत के अनुसार, आदेश में मामले से जुड़े तर्क, कारण या निष्कर्ष तक पहुंचने का आधार स्पष्ट नहीं था.
पीठ ने सुनवाई और आदेश सुनाए जाने की तारीखों में भी असंगति पाई. रिकॉर्ड के मुताबिक, चार अपीलों की सुनवाई और निर्णय 6 अगस्त 2025 को तथा बाकी तीन की 13 अगस्त 2025 को दिखाए गए, जबकि सभी मामलों का निपटारा एक ही साझा आदेश से हुआ था.
अदालत ने कहा कि इन प्रक्रियागत अनियमितताओं ने स्थिति को और गंभीर बना दिया. इसके बाद सातों ITAT आदेशों को रद्द कर दिया गया और ITAT अध्यक्ष को मामलों को नई पीठ के समक्ष रखने का निर्देश दिया गया. हाई कोर्ट ने अपने आदेश की प्रति जानकारी के लिए कानून एवं न्याय मंत्रालय के सचिव को भेजने को भी कहा है.
