दिल्ली हाई कोर्ट ने कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाओं में कैलकुलेटर के इस्तेमाल की मांग वाली याचिका पर CBSE, NCERT और केंद्र सरकार से जवाब मांगा है. अदालत ने संबंधित पक्षों को अपनी प्रतिक्रिया दाखिल करने के लिए छह हफ्ते का समय दिया है.

कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नितिन वासुदेव सांबरे और न्यायमूर्ति संजय शर्मा की खंडपीठ ने मामले में नोटिस जारी किया. याचिका में कक्षा 12 की अकाउंटेंसी परीक्षा में बेसिक, नॉन-प्रोग्रामेबल कैलकुलेटर के इस्तेमाल की अनुमति देने की मांग की गई है. इसके अलावा गणित की परीक्षाओं में कैलकुलेटर की अनुमति पर विचार करने के लिए विशेषज्ञ समिति गठित करने का अनुरोध भी किया गया है.

छात्रों ने क्या तर्क दिया

याचिकाकर्ताओं का कहना है कि अकाउंटेंसी और गणित की परीक्षाओं में लंबी गणनाएं हाथ से करने में काफी समय लगता है. इससे छात्रों के पास अवधारणाओं की समझ और विषय के अनुप्रयोग को प्रदर्शित करने के लिए कम समय बचता है. उनके अनुसार, बेसिक कैलकुलेटर की अनुमति मिलने पर छात्र नियमित गणनाओं के बजाय समस्या-समाधान और अवधारणात्मक समझ पर अधिक ध्यान दे सकेंगे.

याचिका में CBSE Curriculum Committee की 25 और 26 नवंबर 2024 को हुई 70वीं बैठक का भी उल्लेख किया गया है. याचिकाकर्ताओं के अनुसार, समिति ने कक्षा 12 की अकाउंटेंसी परीक्षा में बेसिक, नॉन-प्रोग्रामेबल कैलकुलेटर के इस्तेमाल को मंजूरी दी थी.

याचिका में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और National Curriculum Framework for School Education 2023 का हवाला देते हुए कहा गया है कि दोनों दस्तावेज अवधारणात्मक समझ, आलोचनात्मक सोच और उच्चस्तरीय सीखने पर जोर देते हैं.

हालांकि, हाई कोर्ट की मौजूदा कार्रवाई को कैलकुलेटर के इस्तेमाल की मंजूरी नहीं माना जा सकता. अंतिम निर्णय संबंधित पक्षों के जवाब और आगे की न्यायिक कार्यवाही के बाद होगा.