केंद्र सरकार ने दिल्ली हाईकोर्ट में सात न्यायिक अधिकारियों की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है. हालांकि, सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की ओर से सुझाए गए आठ नामों में से गुरविंदर पाल सिंह के नाम पर अभी स्वीकृति नहीं दी गई है. नियुक्तियों से दिल्ली हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या 44 से बढ़कर 51 हो जाएगी.
यह आदेश केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल की ओर से सोशल मीडिया पर साझा की गई अधिसूचना के जरिए सामने आया. सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 10 सितंबर को दिल्ली हाईकोर्ट के लिए आठ न्यायिक अधिकारियों के नामों की सिफारिश की थी. इनमें निवेदिता अनिल शर्मा, निशा सहाय सक्सेना, संजय शर्मा-I, भरत पराशर, डॉ. अदिति चौधरी, दिनेश भट्ट, अरुण भारद्वाज और गुरविंदर पाल सिंह शामिल थे.
दो स्थायी, पांच अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त
केंद्र ने निवेदिता अनिल शर्मा और निशा सहाय सक्सेना को स्थायी न्यायाधीश नियुक्त किया है. संजय शर्मा-I, भरत पराशर, डॉ. अदिति चौधरी, दिनेश भट्ट और अरुण भारद्वाज को अतिरिक्त न्यायाधीश बनाया गया है. गुरविंदर पाल सिंह के नाम को अधिसूचना में शामिल नहीं किया गया.
अरुण भारद्वाज फिलहाल दिल्ली हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल के पद पर कार्यरत हैं. भरत पराशर सुप्रीम कोर्ट के महासचिव हैं. निशा सहाय सक्सेना रोहिणी उत्तर-पश्चिम जिले की प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश हैं, जबकि संजय शर्मा-I कड़कड़दूमा उत्तर-पूर्व जिले के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के रूप में काम कर रहे हैं.
दिनेश भट्ट राउज एवेन्यू अदालतों में प्रधान जिला न्यायाधीश-सह-विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) के पद पर हैं.
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, निवेदिता अनिल शर्मा और डॉ. अदिति चौधरी सेवानिवृत्त हो चुकी हैं. इन दोनों के साथ गुरविंदर पाल सिंह के नाम की सिफारिश पहले दिल्ली हाईकोर्ट कॉलेजियम ने हाईकोर्ट में पदोन्नति के लिए की थी.
दिल्ली हाईकोर्ट में न्यायाधीशों के 60 पद स्वीकृत हैं. सात नियुक्तियों के बाद भी अदालत में स्वीकृत क्षमता के मुकाबले नौ पद रिक्त रहेंगे.
