दिल्ली हाईकोर्ट में सोमवार, 21 सितंबर 2026 को सात नए न्यायाधीश पद की शपथ लेंगे. मुख्य न्यायाधीश डीके उपाध्याय सुबह 10 बजे हाईकोर्ट परिसर में आयोजित समारोह में उन्हें शपथ दिलाएंगे. इन नियुक्तियों के बाद हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर 50 हो जाएगी, जबकि स्वीकृत संख्या 60 है.

शपथ लेने वाले न्यायिक अधिकारियों में निवेदिता अनिल शर्मा, निशा सहाय सक्सेना, संजय शर्मा, भारत पराशर, अदिति चौधरी, दिनेश भट्ट और अरुण भारद्वाज शामिल हैं. ये सभी दिल्ली की जिला न्यायपालिका में कार्यरत थे और अब हाईकोर्ट में पदभार संभालेंगे.

केंद्र सरकार ने 19 सितंबर को इन सात नियुक्तियों की अधिसूचना जारी की थी. यह कदम सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की 10 सितंबर की सिफारिश के बाद उठाया गया. कॉलेजियम ने हाईकोर्ट के लिए आठ न्यायिक अधिकारियों के नाम सुझाए थे, लेकिन केंद्र की अधिसूचना में सात नामों को ही मंजूरी दी गई.

निवेदिता अनिल शर्मा और निशा सहाय सक्सेना को स्थायी न्यायाधीश नियुक्त किया गया है, जबकि संजय शर्मा, भारत पराशर, अदिति चौधरी, दिनेश भट्ट और अरुण भारद्वाज अतिरिक्त न्यायाधीश होंगे.