दिल्ली के वसंत कुंज स्थित The Grand होटल में Air India के एक पायलट की मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, पायलट ड्यूटी के सिलसिले में दिल्ली में ठहरे थे और शुक्रवार शाम होटल के कमरे में बेहोश मिले. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
बताया गया है कि पायलट मुंबई बेस्ड थे और उनकी उम्र 40 वर्ष से अधिक थी. उन्होंने हाल ही में Air India Express से Air India में काम शुरू किया था. वह दिल्ली में लेओवर के दौरान होटल में ठहरे थे और अगले दिन सुबह एक उड़ान संचालित करने वाले थे.
पुलिस के अनुसार, पायलट के भाई ने होटल प्रबंधन से संपर्क किया था, क्योंकि फोन कॉल का जवाब नहीं मिल रहा था. इसके बाद होटल मैनेजर ने मास्टर-की की मदद से कमरे का दरवाजा खोला. पायलट अंदर बेहोश और प्रतिक्रिया-विहीन अवस्था में मिले.
पुलिस ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम सफदरजंग अस्पताल में कराया गया है. मौत का अंतिम कारण पोस्टमार्टम की अंतिम राय मिलने के बाद ही स्पष्ट होगा. मामले में आगे की जांच जारी है. Air India ने घटना पर शोक जताते हुए परिवार को हरसंभव सहायता देने की बात कही है.
