पूर्वी दिल्ली के मंडावली इलाके में 41 वर्षीय महिला ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर नशीला पदार्थ देने और दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है. पुलिस के मुताबिक, महिला लक्ष्मी नगर की रहने वाली है और आरोपी की पहचान गणेश नगर निवासी दीपक बंसल के रूप में हुई है.
शिकायत के अनुसार, आरोपी करीब दो साल पहले महिला के संपर्क में आया था और उसे नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया था. महिला का आरोप है कि 4 मार्च को रोजगार के संबंध में बातचीत के बहाने बुलाकर उसे ऐसा पदार्थ दिया गया, जिससे वह बेहोश हो गई. पुलिस के अनुसार, इसी दौरान उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया.
महिला ने बताया कि होश में आने के बाद विरोध करने पर आरोपी ने घटना का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी दी. उसने सोने की चूड़ियां, अंगूठी और चेन लेने तथा पुलिस में शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है. शिकायत में आरोपी पर तेजाब फेंकने की धमकी देने का आरोप भी है.
पुलिस ने 22 सितंबर को मंडावली थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया. आरोपी फरार बताया जा रहा है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. महिला को काउंसलिंग उपलब्ध कराई गई है. मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है.
