दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालकाजी में निर्माण से जुड़े विवाद के बाद 48 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर मंजीत सिंह की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात एक इमारत में हुई.

पुलिस ने बताया कि विवाद इमारत में अतिरिक्त आवासीय जगह और सीढ़ियों से जुड़े निर्माण को लेकर शुरू हुआ था. मंजीत सिंह भूतल और दूसरे पक्ष के लोग तीसरी मंजिल के मालिक बताए गए हैं.

परिजनों का आरोप है कि कहासुनी के दौरान कई लोगों ने मंजीत को घेरकर पीटा. हमले में उनके भाई दिलबाग सिंह भी घायल हुए, जिनका इलाज चल रहा है.

दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त विनीत कुमार के अनुसार, मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं. पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है. आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर की जाएगी.