दिल्ली-NCR और हरियाणा के बीच क्षेत्रीय परिवहन को तेज करने के लिए दिल्ली-पानीपत-कर्नाल Namo Bharat RRTS कॉरिडोर प्रस्तावित है. NCRTC के अनुसार, इसकी संशोधित विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) केंद्र सरकार की मंजूरी के अधीन है, जबकि प्रारंभिक तैयारियों और सक्षम कार्यों पर काम चल रहा है.
परियोजना की अनुमानित लागत ₹33,051.15 करोड़ है. प्रस्तावित गलियारा दिल्ली के साराय काले खां से शुरू होकर सोनीपत, पानीपत और अन्य प्रमुख इलाकों से होते हुए कर्नाल तक जाएगा. इसकी कुल लंबाई 136.3 किलोमीटर बताई गई है. दिल्ली सरकार के दस्तावेजों के अनुसार, संशोधित योजना में 21 Namo Bharat RRTS स्टेशन प्रस्तावित हैं, जिनमें दिल्ली क्षेत्र के छह स्टेशन शामिल हैं.
योजना के तहत दिल्ली-पानीपत यात्रा समय करीब एक घंटे और दिल्ली-कर्नाल यात्रा समय लगभग 90 मिनट तक आने का लक्ष्य बताया गया है. Namo Bharat ट्रेनों की अधिकतम डिजाइन गति 180 किलोमीटर प्रति घंटा और परिचालन गति 160 किलोमीटर प्रति घंटा होगी.
परियोजना को मंजूरी मिलने के बाद इसे करीब पांच वर्ष में पूरा करने का कार्यक्रम है. हालांकि, केंद्र सरकार की अंतिम स्वीकृति और वित्तीय मंजूरी की समय-सीमा अभी निश्चित नहीं है.
