दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर 16 नवंबर 2026 से पीक आवर्स में फास्ट ट्रेन सेवा शुरू होगी. राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) की यह सीमित-स्टॉप सेवा यात्रियों का सफर कम समय में पूरा करने के लिए शुरू की जा रही है.

नई सेवा से आनंद विहार से गाजियाबाद की यात्रा 8 मिनट में और गाजियाबाद से मेरठ के बेगमपुल तक का सफर 28 मिनट में पूरा होगा. इस तरह आनंद विहार से बेगमपुल पहुंचने में कुल 36 मिनट लगेंगे. सराय काले खां से मोदीपुरम तक पूरे दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर की यात्रा 50 मिनट से कम समय में पूरी होने की बात कही गई है.

पांच स्टेशनों पर ठहराव

फास्ट नमो भारत ट्रेनें केवल सराय काले खां, आनंद विहार, गाजियाबाद, बेगमपुल और मोदीपुरम स्टेशनों पर रुकेंगी. सुबह दोनों दिशाओं में दो-दो ट्रेनें 8 बजे और 8:30 बजे रवाना होंगी. शाम को 6 बजे और 6:30 बजे भी दोनों दिशाओं में दो-दो सेवाएं उपलब्ध रहेंगी.

ये ट्रेनें मौजूदा नियमित नमो भारत सेवाओं के अतिरिक्त चलेंगी. नियमित ट्रेनें पहले की तरह हर 10 मिनट के अंतराल पर संचालित होती रहेंगी.