उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके में दिल्ली विश्वविद्यालय की दो छात्राओं ने सफारी गाड़ी में सवार युवकों पर पीछा करने, अभद्र टिप्पणियां करने और बदसलूकी का आरोप लगाया है. छात्राओं के अनुसार, आरोपियों ने उन्हें वाहन के अंदर खींचने की कोशिश भी की. घटना बुधवार रात करीब 9:30 बजे हकीकत पार्क के पास हुई.
पुलिस के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद मुकर्जी नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है. जांच के दौरान कथित तौर पर इस्तेमाल की गई Tata Safari का पंजीकरण नंबर DL11CF4447 सामने आया. पुलिस ने वाहन को उसके पंजीकृत मालिक तक ट्रेस किया और बताया कि घटना के समय नमन नाम का व्यक्ति गाड़ी चला रहा था. उसके साथ दो-तीन अन्य लोग भी थे.
पुलिस ने मामले में शामिल बताए जा रहे चार लोगों की पहचान का दावा किया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें काम कर रही हैं. अधिकारियों के अनुसार, मामले की आगे जांच जारी है. आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी.
