दिल्ली-एनसीआर में 4,000 लोगों पर की गई एक मेटाबॉलिक हेल्थ स्टडी में संकेत मिला है कि अधिक वजन होने के बावजूद शरीर में जरूरी पोषक तत्वों की कमी हो सकती है. रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ लोगों में विटामिन, प्रोटीन, आयरन और अन्य आवश्यक पोषक तत्वों का स्तर कम पाया गया.

अध्ययन में मिलेनियल्स के 55.7 प्रतिशत लोग ओवरवेट या मोटापे की श्रेणी में मिले. वहीं, 45 वर्ष या उससे अधिक उम्र के 70.8 प्रतिशत लोगों में विसरल फैट का स्तर बढ़ा हुआ पाया गया. विसरल फैट वह चर्बी है जो शरीर के अंदरूनी अंगों के आसपास जमा होती है.

ज्यादा कैलोरी का मतलब पर्याप्त पोषण नहीं

विशेषज्ञों के अनुसार, शहरी जीवनशैली में बाहर का खाना, पैकेज्ड फूड और अधिक कैलोरी वाले भोजन से पेट तो भर सकता है, लेकिन शरीर को पर्याप्त प्रोटीन, फाइबर, विटामिन और मिनरल्स नहीं मिलते. रिपोर्ट में दिल्ली-एनसीआर की शहरी आबादी में विटामिन-D की गंभीर कमी का भी उल्लेख किया गया है. पेट के आसपास जमा अतिरिक्त चर्बी और विटामिन-D की कमी के बीच संबंध देखे जाने की बात कही गई है.

मेटाबॉलिक डिजीज विशेषज्ञ डॉ. ऐजाज इल्मी के अनुसार, पोषण की कमी को केवल दुबले-पतले लोगों से जोड़ना सही नहीं है. यह समस्या अधिक वजन वाले लोगों में भी हो सकती है.

डायटीशियन कनिका मल्होत्रा ने वजन घटाने के लिए खाना पूरी तरह छोड़ने से बचने की सलाह दी. उनके मुताबिक, रोटी, चावल या पूरे भोजन को अचानक कम करने से प्रोटीन और अन्य पोषक तत्वों की कमी हो सकती है. रोज के भोजन में पर्याप्त प्रोटीन, सब्जियां, फल, दालें, साबुत अनाज और फाइबर शामिल करना जरूरी है. किसी भी डाइट या सप्लीमेंट का फैसला विशेषज्ञ की सलाह से करना बेहतर है.