उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में बृहस्पतिवार तड़के से अगले दो-तीन दिनों तक बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की भी आशंका है.

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी हरियाणा और आसपास के इलाकों में निचले क्षोभमंडल स्तर पर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है. पंजाब और राजस्थान के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव है, जबकि गुजरात के सौराष्ट्र क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है. इन मौसम प्रणालियों के कारण दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा और गुरुग्राम के साथ हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में 20 सितंबर तक बारिश का अनुमान है.

पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी राजस्थान में 19 सितंबर तक बारिश हो सकती है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 21 सितंबर तक छिटपुट बारिश का अनुमान है.

पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश की संभावना

आईएमडी ने जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में बृहस्पतिवार को भारी बारिश की आशंका जताई है. इन क्षेत्रों में कुछ जगहों पर बिजली गिर सकती है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 22 सितंबर तक बारिश का अनुमान है. उत्तराखंड में गरज के साथ बिजली चमकने की भी संभावना है.

इस बीच, जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में बृहस्पतिवार सुबह आंधी के साथ भारी बारिश होने की जानकारी सामने आई है.