मॉनसून की गतिविधियां अभी जारी हैं और 14 सितंबर को उत्तर तथा मध्य भारत के कई हिस्सों में बारिश का असर दिख सकता है. मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, विदर्भ और ओडिशा के लिए बारिश, गरज-चमक तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है.

दिल्ली-NCR और उत्तर प्रदेश का मौसम

दिल्ली-NCR में सोमवार को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है. कुछ इलाकों में सुबह हल्की बारिश हो सकती है, जबकि दोपहर से शाम के बीच बारिश और गरज-चमक का एक और दौर आने का अनुमान है. दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री के बीच रह सकता है. 15 सितंबर को भी कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है.

उत्तर प्रदेश में मौसम मिलाजुला रहने का अनुमान है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में पश्चिमी हिस्से की तुलना में बारिश का दायरा अधिक रह सकता है. पश्चिमी हिस्सों में भी हल्की बारिश और कुछ जगह गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. राज्य में 15 सितंबर तक छिटपुट बारिश जारी रहने की संभावना है.

बिहार में 14 सितंबर को कई जगह हल्की से मध्यम बारिश और कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. पिछले 24 घंटे में किशनगंज के टेढ़ागाछ में 7 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग ने 15 से 17 सितंबर के बीच राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है.

राजस्थान और पहाड़ी राज्यों में सतर्कता

राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में 14 सितंबर को बारिश का असर अधिक रहने का अनुमान है और कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. मध्य प्रदेश के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र दक्षिण-पश्चिमी मध्य प्रदेश और उससे लगे विदर्भ के ऊपर है. इसके अगले 24 घंटे में दक्षिण-पूर्वी राजस्थान और उससे लगे गुजरात की ओर बढ़ने का अनुमान है. पश्चिमी राजस्थान में हल्की से छिटपुट बारिश हो सकती है.

उत्तराखंड में सुबह और दोपहर के समय बारिश के दौर की संभावना है. कुछ स्थानों पर भारी बारिश का खतरा है, इसलिए पहाड़ी और भूस्खलन प्रभावित इलाकों में रहने वाले लोगों तथा पर्यटकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. हिमाचल प्रदेश में भी बारिश और गरज-चमक के कारण पहाड़ी सड़कों पर फिसलन बढ़ सकती है.

मध्य और पूर्वी भारत में बारिश

हरियाणा में सुबह और दोपहर के समय कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. छत्तीसगढ़ में 16 सितंबर तक कई जगह बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है. ओडिशा में भी कई इलाकों में बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी है. तेज बारिश या गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है.