दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश के बाद मौसम का मिजाज बदल गया है. तापमान में गिरावट के साथ सुबह और रात के समय ठंडक महसूस की जा रही है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 13 अक्टूबर को देश के 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश हो सकती है.

दिल्ली-एनसीआर में सोमवार रात से बादल छाए रहे और तेज हवाओं के साथ बारिश हुई. मंगलवार सुबह भी कई इलाकों में बारिश का असर दिखाई दिया. तापमान गिरने से लोगों को हल्के गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस हुई. हालांकि, दिन में धूप निकलने पर गर्मी का असर पूरी तरह खत्म नहीं होगा. आने वाले दिनों में दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

इन राज्यों में बारिश का अनुमान

मौसम विभाग ने अंडमान-निकोबार, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भारी बारिश की संभावना जताई है. हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और लक्षद्वीप में मध्यम बारिश हो सकती है. उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, बिहार, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु और कर्नाटक में हल्की बारिश के आसार हैं. कई क्षेत्रों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं की आशंका भी है.

उत्तर प्रदेश के पश्चिमी जिलों में बारिश और हवाओं से ठंडक बढ़ी है. पश्चिमी यूपी में 16 अक्टूबर तक कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है. अमरोहा, बागपत, बिजनौर, बुलंदशहर, गौतम बुद्ध नगर, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ और संभल में बारिश हो सकती है. पूर्वी यूपी में 15 और 16 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है.

राजस्थान में उत्तर-पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों में अगले तीन-चार दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. 13 और 14 अक्टूबर को बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.

दक्षिण भारत में भी बारिश के आसार

तमिलनाडु के नीलगिरि, कोयंबटूर, इरोड, कन्याकुमारी, तिरुनेलवेली, थूथुकुडी, तेनकासी, मदुरै, शिवगंगा, सलेम और तिरुप्पुर में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. पुडुचेरी और कराईकल में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश का अनुमान है.