दिल्ली-NCR में शनिवार, 10 अक्टूबर की सुबह मौसम का मिजाज बदल गया. आसमान में बादल छाए रहे और ठंडी हवाओं के झोंकों से लोगों को गर्मी और उमस से कुछ राहत मिली. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, राजधानी और आसपास के इलाकों में कुछ जगहों पर हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं.

नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी दिनभर बादलों की आवाजाही और कहीं-कहीं बारिश होने का अनुमान है. हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं की आशंका जताई गई है. इन क्षेत्रों में मौसम की गतिविधियां रविवार तक जारी रह सकती हैं.

उत्तर भारत और पहाड़ी राज्यों का पूर्वानुमान

उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में शनिवार को बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 10 अक्टूबर तक और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 11 अक्टूबर तक बारिश की गतिविधियां बने रहने का अनुमान है. हालांकि, दोनों क्षेत्रों के लिए अलग से कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है.

उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना है. ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है. राज्य में 10 से 14 अक्टूबर के बीच अलग-अलग जगहों पर बारिश का दौर रहने का अनुमान है. कुछ हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि झोंकों की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है. हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है.

पूर्वी, पश्चिमी और दक्षिणी भारत में बारिश

बिहार में शनिवार को बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. झारखंड और ओडिशा में बारिश की गतिविधियां सोमवार तक जारी रहने का अनुमान है.

राजस्थान के उत्तर-पश्चिमी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. पश्चिमी राजस्थान में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी है.

केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और पुडुचेरी के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है. कराईकल में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में शनिवार को बारिश संभव है, जबकि असम और मेघालय में 14 अक्टूबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है.

मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए लोगों को बाहर निकलने से पहले स्थानीय मौसम की ताजा जानकारी देखने और गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों से बचने की सलाह दी जाती है.