दिल्ली-एनसीआर में शनिवार सुबह मौसम का मिजाज बदल गया. आसमान में बादल छाए रहे और ठंडी हवाओं के झोंकों से लोगों को गर्मी और उमस से कुछ राहत मिली. मौसम विभाग के अनुसार, 10 अक्टूबर को दिल्ली में कुछ जगहों पर हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं.
नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी दिनभर बादलों की आवाजाही और कहीं-कहीं बारिश होने का अनुमान है. हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के कुछ हिस्सों में बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं की आशंका है. इन क्षेत्रों में मौसम की गतिविधियां रविवार तक जारी रह सकती हैं. लोगों को बाहर निकलने से पहले ताजा मौसम अपडेट देखने की सलाह दी गई है.
उत्तर भारत और पहाड़ी राज्यों में भी असर
उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में शनिवार को बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 10 अक्टूबर तक और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 11 अक्टूबर तक बारिश की गतिविधियां बने रहने का अनुमान है. हालांकि, दोनों क्षेत्रों के लिए अलग से कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है.
उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक हो सकती है. ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है. राज्य में 10 से 14 अक्टूबर के बीच अलग-अलग जगहों पर बारिश का अनुमान है. कुछ इलाकों में हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. हिमाचल प्रदेश में 13 और 14 अक्टूबर को कई हिस्सों में बारिश की संभावना है. जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी शनिवार को कई जगह बारिश हो सकती है.
दक्षिण और पूर्वोत्तर में बारिश का अनुमान
बिहार में बादल छाए रहने के साथ कुछ जगहों पर हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. कुछ हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. झारखंड और ओडिशा में बारिश सोमवार तक जारी रह सकती है. राजस्थान के उत्तर-पश्चिमी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि पश्चिमी राजस्थान में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी है.
केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और पुडुचेरी के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. कराईकल में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में शनिवार को बारिश का अनुमान है. असम और मेघालय में 14 अक्टूबर तक बारिश जारी रह सकती है. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 14 अक्टूबर को कुछ जगह बारिश हो सकती है.
