दिल्ली से पटना के बीच सड़क यात्रा आने वाले समय में तेज हो सकती है. यमुना एक्सप्रेसवे, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को बिहार की ओर जाने वाले नए संपर्क मार्गों से जोड़कर एक बड़ा एक्सप्रेसवे नेटवर्क तैयार किया जा रहा है. इस नेटवर्क के पूरा होने पर दिल्ली से पटना की दूरी सड़क मार्ग से करीब 11 से 12 घंटे में तय करने का दावा किया गया है.
किन मार्गों से जुड़ेगा कॉरिडोर
प्रस्तावित रूट दिल्ली-एनसीआर से यमुना एक्सप्रेसवे के जरिए आगरा पहुंचेगा. इसके बाद आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और लखनऊ से गाजीपुर तक पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल होगा. गाजीपुर से बिहार के बक्सर तक पहुंचने के लिए ग्रीनफील्ड बलिया लिंक, 17.27 किलोमीटर लंबे भरौली-बक्सर स्पर और गंगा पर बन रहे नए पुल की भूमिका बताई गई है.
बक्सर से पटना के बीच प्रस्तावित बक्सर-आरा-पटना फोरलेन को दानापुर-बिहटा एलिवेटेड रोड और दीघा-शेरपुर-कोइलवर जेपी गंगा पथ विस्तार से जोड़ने की योजना है. इससे बक्सर-पटना यात्रा का समय लगभग डेढ़ से दो घंटे रहने की संभावना बताई गई है.
एक वैकल्पिक मार्ग गंगा एक्सप्रेसवे के जरिए भी हो सकता है, जिसमें दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, प्रयागराज और आगे NH-19 या पूर्वांचल एक्सप्रेसवे लिंक शामिल होंगे.
