दिल्ली के आरके पुरम इलाके में 17 सितंबर की रात एक Honda Amaze कार ने सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी. टक्कर के बाद बाइक कार के नीचे फंस गई और करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई. घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने 73 वर्षीय चालक वेणु गोपाल को गिरफ्तार किया है.

पुलिस के अनुसार, हादसा रात करीब 10 बजे Africa Avenue Road पर भीकाजी कामा प्लेस से आरके पुरम मेट्रो स्टेशन की ओर जाने वाले मार्ग पर हुआ. 21 वर्षीय तनीष टोकस अपनी काली मोटरसाइकिल पर बैठे थे. टक्कर लगते ही वे बाइक से गिर गए, लेकिन पुलिस ने स्पष्ट किया कि उन्हें कार ने नहीं घसीटा. चिकित्सकीय जांच में उन्हें गंभीर चोट नहीं मिली.

पुलिस ने कार जब्त की

हादसे की सूचना रात करीब 10:22 बजे आरके पुरम थाने को मिली. जांच के दौरान पुलिस ने नीले रंग की Honda Amaze जब्त कर ली. चालक वेणु गोपाल वसंत कुंज के रहने वाले बताए गए हैं. पुलिस के मुताबिक, उनकी चिकित्सकीय जांच में शराब की पुष्टि नहीं हुई.

मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 125(a) के तहत केस दर्ज किया गया है. पुलिस का कहना है कि जांच जारी है.