दिल्ली के आरके पुरम इलाके में सत्‍य निकेतन के पास रविवार दोपहर एक इमारत ढहने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन लोग गंभीर रूप से घायल बताए गए हैं. पुलिस सूत्रों के अनुसार, अब तक चार लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया है. राहत और बचाव अभियान अभी जारी है.

दिल्ली फायर सर्विसेज को इमारत गिरने की सूचना करीब 1:30 बजे मिली. इसके बाद दिल्ली पुलिस, दिल्ली फायर सर्विसेज, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), नगर निगम दिल्ली (MCD), कैट्स और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं.

आसपास की इमारत खाली कराई गई

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि बचाव अभियान में सभी संबंधित एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं. एहतियात के तौर पर पास की एक इमारत को खाली कराया गया है. मुख्यमंत्री के अनुसार, फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने और प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता देने के प्रयास किए जा रहे हैं.

पुलिस सूत्रों ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है और तीन लोगों की हालत गंभीर है. हालांकि, मलबे में अभी कितने लोग फंसे हैं, इसकी सटीक संख्या स्पष्ट नहीं की गई है.

प्रत्यक्षदर्शियों ने छात्रों के फंसे होने की बात कही

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ढही हुई इमारत को ‘हॉस्टल डेज’ नाम से जाना जाता था और इसका इस्तेमाल छात्रों के पेइंग गेस्ट आवास के तौर पर होता था. कुछ स्थानीय लोगों ने दावा किया कि मलबे में 25 से 30 छात्र फंसे हो सकते हैं. इस संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

एक स्थानीय दुकानदार ने बताया कि इमारत गिरने की आवाज भूकंप जैसी लगी और धूल-धुएं के बीच लोग मदद के लिए बाहर निकले. प्रत्यक्षदर्शियों ने मलबे के भीतर से आवाजें सुनाई देने का भी दावा किया है.

बचाव दल मलबे को सावधानी से हटाकर संभावित रूप से फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं. प्रशासन की ओर से अंतिम रूप से यह स्पष्ट किया जाना बाकी है कि इमारत में हादसे के समय कितने लोग मौजूद थे और ढहने की वजह क्या थी.