दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान 33.13 लाख मतदाताओं के एन्यूमरेशन फॉर्म में विसंगतियां सामने आने के बाद नोटिस जारी किए गए हैं. नोटिस पाने वालों में भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और चुनाव आयुक्त एस.एस. संधू समेत कई प्रमुख नाम शामिल हैं. चुनाव अधिकारियों के अनुसार, संबंधित मतदाताओं को 29 अक्टूबर तक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ERO) के समक्ष जवाब और जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे.

98 वर्षीय लालकृष्ण आडवाणी, उनकी बेटी प्रतिभा और बहू गीतिका का नाम 2002 की SIR मतदाता सूची से मैप नहीं हो पाया. उनके बेटे जयंत की मैपिंग पूरी बताई गई है. एस. जयशंकर और उनकी पत्नी क्योकू जयशंकर को भी पिछली SIR से रिकॉर्ड लिंक नहीं होने के आधार पर नोटिस मिला है. दोनों नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के सुनहरी बाग इलाके के मतदाता बताए गए हैं.

पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और उनकी पत्नी सुदेश के रिकॉर्ड में उपराष्ट्रपति भवन का पता दर्ज होने की बात कही गई है. चुनाव आयुक्त एस.एस. संधू को नाम में अंतर और उनके बेटे दमनबीर को माता-पिता के नाम में अंतर के कारण नोटिस जारी किया गया. विदेश सचिव विक्रम मिस्री को भी पिछली SIR से रिकॉर्ड मैप नहीं होने के आधार पर नोटिस मिला है.

भाजपा नेता वीरेंद्र सचदेवा, राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल और भाजपा नेता सुधांशु मित्तल के नाम भी नोटिस पाने वालों में हैं. सचदेवा ने कहा कि नाम से जुड़ी गड़बड़ी को जरूरी दस्तावेजों के जरिए सुधारा जाएगा.

आगे की प्रक्रिया

दिल्ली में दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया 30 सितंबर तक चलेगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची 4 नवंबर को जारी की जानी है. दिल्ली में SIR को चुनौती देने वाली याचिका पर 21 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई प्रस्तावित है.

चुनाव आयोग ने दिल्ली समेत 16 राज्यों और तीन केंद्रशासित प्रदेशों में SIR के तीसरे चरण की घोषणा की है. यह प्रक्रिया 30 मई से 23 दिसंबर तक चलनी है और इसमें 36.73 करोड़ मतदाताओं के सत्यापन का कार्यक्रम है.