दिल्ली में चल रही Special Intensive Revision (SIR) प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं को भेजे जा रहे नोटिसों पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने स्थिति स्पष्ट की है. कार्यालय के मुताबिक, नोटिस जारी होने का अर्थ यह नहीं है कि संबंधित मतदाता का नाम मतदाता सूची से हटा दिया जाएगा.
चुनाव कार्यालय ने कहा कि किसी भी नाम को हटाने से पहले संबंधित मतदाता को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाएगा. इसके बाद Electoral Registration Officer (ERO) को कारणयुक्त और अपील योग्य आदेश पारित करना होगा.
अधिकारियों के अनुसार, कुछ नोटिस ECINET में डेटा सुधार और दस्तावेजों से जुड़ी विसंगतियों की जांच के लिए सिस्टम से जारी किए गए हैं. नोटिस पाने वाले मतदाता अपने जवाब और जरूरी दस्तावेज संबंधित ERO या Booth Level Officer (BLO) को दे सकते हैं.
कार्यालय ने यह भी कहा कि दस्तावेजों की सूची केवल सांकेतिक है और अंतिम निर्णय मामले के तथ्यों, उपलब्ध कागजात तथा BLO की रिपोर्ट के आधार पर लिया जाएगा. नोटिसों के निपटारे की प्रक्रिया 29 अक्टूबर तक पूरी करने और अंतिम मतदाता सूची 4 नवंबर को प्रकाशित करने का कार्यक्रम बताया गया है.
