दिल्ली में स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) के तहत मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल और कई अन्य प्रमुख मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं. दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) कार्यालय के मुताबिक, नोटिस एन्यूमरेशन फॉर्म में मिली गड़बड़ियों या मतदाता रिकॉर्ड के पिछली SIR की सूची से लिंक नहीं होने पर भेजे जा रहे हैं.
CEO कार्यालय के 19 सितंबर के बयान के अनुसार, ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में शामिल 33.13 लाख मतदाताओं को नोटिस भेजे जाने हैं. इनमें से 31.63 लाख मतदाताओं को अब तक नोटिस मिल चुका है. नोटिस पाने वालों की सूची CEO कार्यालय की वेबसाइट पर अपलोड की गई है.
अरविंद केजरीवाल का रिकॉर्ड नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में पिछली SIR से लिंक नहीं होने की वजह से नोटिस सूची में आया है. उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल, माता-पिता और बेटे को भी इसी आधार पर नोटिस भेजे गए हैं. पूर्व दिल्ली BJP अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने बताया कि उन्हें नाम से जुड़ी गड़बड़ी के कारण नोटिस मिला है. उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी और भाई के नाम से जुड़े सुधार भी जरूरी दस्तावेजों के जरिए कराए जाएंगे. राज्यसभा सांसद कपिल सिबल और BJP नेता सुधांशु मित्तल के नाम भी नोटिस पाने वालों में शामिल हैं.
रेखा गुप्ता की एंट्री वैलिडेट
रेखा गुप्ता की एंट्री को उम्र से जुड़ी विसंगति के कारण ‘लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी’ वाली सूची में रखा गया था. जांच के बाद उनकी वोटर एंट्री वैलिडेट कर दी गई है. उनका नाम शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र की अंतिम मतदाता सूची में शामिल होगा, जिसे 4 नवंबर को जारी किया जाना है.
दिल्ली में 30 जून से 17 अगस्त तक घर-घर सत्यापन अभियान चलाया गया था. CEO कार्यालय के मुताबिक, ज्यादातर नोटिस 2002 में हुई पिछली SIR के रिकॉर्ड नहीं मिलने या रिकॉर्ड जोड़ने में गड़बड़ी के कारण जारी किए गए हैं.
नोटिस पाने वाले मतदाताओं को 29 अक्टूबर तक जवाब और जरूरी दस्तावेज संबंधित विधानसभा क्षेत्र के Electoral Registration Officers (EROs) को जमा कराने होंगे. दावे और आपत्तियों का चरण 30 सितंबर तक चलेगा. AAP के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग धांडा ने केजरीवाल परिवार को नोटिस भेजे जाने पर प्रक्रिया पर सवाल उठाया है.
