दिल्ली में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के तहत नोटिस पाने वाले प्रमुख मतदाताओं का फील्ड वेरिफिकेशन पूरा हो गया है. चुनाव अधिकारियों के अनुसार, सत्यापन के बाद इन मतदाताओं के नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए सुरक्षित कर लिए गए हैं.

नोटिस पाने वालों में भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी, पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, चुनाव आयुक्त एस.एस. संधू, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शामिल हैं. अधिकारियों के मुताबिक, ज्यादातर नोटिस 2002 की पिछली SIR सूची से नाम का मिलान नहीं होने के कारण जारी किए गए थे. इनमें बड़ी संख्या नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं की है.

किन मामलों में नोटिस जारी हुआ

98 वर्षीय लालकृष्ण आडवाणी, उनकी बेटी प्रतिभा और बहू गीतिका का नाम 2002 की सूची से मैप नहीं होने के कारण नोटिस दिया गया था. उनके बेटे जयंत की मैपिंग पूरी हो चुकी है. विदेश मंत्री एस. जयशंकर और उनकी पत्नी क्योको जयशंकर को भी इसी कारण नोटिस मिला था. दोनों नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के सुनहरी बाग इलाके के मतदाता हैं.

जगदीप धनखड़ और उनकी पत्नी सुदेश को उनके रिकॉर्ड में उपराष्ट्रपति आवास का पता दर्ज होने के कारण नोटिस दिया गया था. चुनाव आयुक्त एस.एस. संधू के नाम में अंतर, जबकि उनके बेटे दमनबीर के रिकॉर्ड में माता-पिता के नाम में अंतर नोटिस का कारण बताया गया.

चुनाव अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली में 33.13 लाख मतदाताओं को एन्यूमरेशन फॉर्म की जानकारी में गड़बड़ी के कारण नोटिस भेजे गए हैं. SIR का दावा-आपत्ति चरण 30 सितंबर तक चलेगा और अंतिम मतदाता सूची 4 नवंबर को जारी की जाएगी.