दिल्ली में 16 वर्षीय छात्रा से चलती स्लीपर बस में कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार घटना 4 अगस्त की है और मामले में बस ड्राइवर कुलदीप तथा कंडक्टर संदीप को गिरफ्तार किया गया है. दोनों को तिमारपुर के एक बस पार्किंग क्षेत्र से पकड़ा गया. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बस को भी जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा है.
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली है और 11वीं कक्षा में पढ़ती है. वह परिवार को बताए बिना नोएडा में रहने वाले अपने एक रिश्तेदार के पास जाने के लिए निकली थी. भारी बारिश और अंधेरे के बीच वह ग्रेटर नोएडा के परी चौक पर रास्ता भटक गई.
परी चौक से बस में बैठी छात्रा
पुलिस सूत्रों के अनुसार, परी चौक से गुजर रही एक खाली स्लीपर बस को छात्रा ने रुकने का इशारा किया. ड्राइवर और कंडक्टर ने कथित तौर पर उसे बताया कि बस नोएडा सेक्टर 63 की ओर जा रही है और उसे बस में बैठा लिया.
आरोप है कि बस कुछ दूर आगे बढ़ने के बाद कंडक्टर ने छात्रा के साथ अश्लील हरकत की. विरोध करने पर उसे धमकी दी गई. इसके बाद ड्राइवर और कंडक्टर पर मिलकर छात्रा के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है. पुलिस के अनुसार, बस परी चौक से कश्मीरी गेट तक करीब 47 किलोमीटर चलती रही और छात्रा को कश्मीरी गेट बस स्टैंड के पास रिंग रोड पर उतार दिया गया.
बस की फोरेंसिक जांच जारी
पुलिस का कहना है कि स्लीपर बस के अंदर लगे पर्दों के कारण बाहर से लोगों को अंदर की गतिविधियों का पता नहीं चल सका. घटना के बाद दोनों आरोपी कथित तौर पर मौके से फरार हो गए थे. बाद में पुलिस ने उन्हें तिमारपुर स्थित बस पार्किंग से गिरफ्तार किया.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना वाले दिन बस में खराबी आने के बाद उसे ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर स्थित एक वर्कशॉप में ले जाया गया था. मरम्मत पूरी होने के बाद ड्राइवर और कंडक्टर बस को तिमारपुर ले जा रहे थे. इसी दौरान परी चौक पर उनकी मुलाकात छात्रा से हुई.
मामले में पुलिस की जांच जारी है. बस की फोरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. आरोपों की पुष्टि अदालत में साक्ष्यों के आधार पर होगी.
