दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने BRICS शिखर सम्मेलन के अंतिम दिन के लिए विस्तृत यातायात एडवाइजरी जारी की है. एडवाइजरी के अनुसार, रविवार को सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक 22 स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा और 35 से अधिक सड़कों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी. सम्मेलन भारत मंडपम, प्रगति मैदान में आयोजित हो रहा है.
मध्य और दक्षिण दिल्ली के कई हिस्सों में यातायात प्रभावित होने की संभावना है. पुलिस ने यात्रियों से अतिरिक्त समय लेकर निकलने, देरी के लिए तैयार रहने और जहां संभव हो सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने को कहा है. एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को मेट्रो से यात्रा करने की सलाह दी गई है. VVIP आवाजाही के दौरान बसों के मार्ग बदले जा सकते हैं, जबकि मेट्रो सेवाएं सभी स्टेशनों पर सामान्य रूप से चलती रहेंगी.
प्रभावित होने वाले प्रमुख मार्गों में सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, तिलक मार्ग, मथुरा रोड, मोतीलाल नेहरू मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू रोड, सत्य मार्ग, शांति पथ, जनपथ, अशोका रोड, बाराखंभा रोड, टॉल्स्टॉय मार्ग, रंजीत सिंह फ्लाईओवर, नीति मार्ग, पंचशील मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, प्रेस एन्क्लेव रोड और लाला लाजपत राय मार्ग शामिल हैं.
मथुरा रोड और तिलक मार्ग पर बदलाव
डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक पर मथुरा रोड और तिलक मार्ग का यातायात नियंत्रित किया जाएगा. पूर्वी और दक्षिणी दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को बीएसजेड मार्ग और आईपी मार्ग की ओर भेजा जाएगा. नई दिल्ली और कनॉट प्लेस जाने वाले वाहनों के लिए सिकंदरा रोड का इस्तेमाल कराया जाएगा. रामचरण अग्रवाल चौक से आगे डब्ल्यू-पॉइंट की ओर जाने वाले व्यावसायिक वाहनों को अनुमति नहीं होगी; उन्हें गंतव्य के अनुसार आईपी मार्ग, दीन दयाल उपाध्याय मार्ग या बीएसजेड मार्ग की ओर मोड़ा जाएगा.
कनॉट प्लेस, पटेल चौक और आरएमएल अस्पताल के आसपास भी प्रतिबंध लागू रहेंगे. कस्तूरबा गांधी मार्ग और जनपथ से आउटर सर्कल के रास्ते सी-हेक्सागन की ओर जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा. दक्षिण दिल्ली में लोधी रोड और उससे जुड़े प्रमुख चौराहों पर भी नियंत्रण रहेगा.
नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों जाने वाले यात्रियों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं. टैक्सी और ऑटोरिक्शा को निर्धारित स्थानों के अलावा सड़क किनारे पार्किंग से बचने को कहा गया है. नियंत्रित सड़कों के 200 मीटर के दायरे में सड़क किनारे पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी.
गंतव्य से संबंधित न होने वाले व्यावसायिक वाहनों को प्रतिबंधों के दौरान दिल्ली में प्रवेश नहीं दिया जाएगा. आपातकालीन और मेडिकल वाहनों को प्राथमिकता के साथ निर्बाध रास्ता दिया जाएगा. पुलिस ने यात्रियों से आधिकारिक अपडेट का पालन करने और एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन तथा ISBT जाने के लिए अतिरिक्त समय रखने की अपील की है.
