भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला 13 सितंबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा. मैच के साथ उसी दिन ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का दूसरा और अंतिम दिन भी है. दोनों आयोजनों को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सेंट्रल दिल्ली और स्टेडियम के आसपास यातायात व्यवस्था को लेकर एडवाइजरी जारी की है.
पुलिस के मुताबिक, रविवार दोपहर 2 बजे से रात 11:45 बजे तक स्टेडियम क्षेत्र और आसपास के प्रमुख मार्गों पर यातायात को नियंत्रित किया जाएगा. इस दौरान कुछ रास्तों पर डायवर्जन और पार्किंग से जुड़े नियम लागू रहेंगे.
इन मार्गों से बचने की सलाह
यात्रियों को अनावश्यक रूप से बहादुर शाह जफर मार्ग, दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मार्ग, जवाहरलाल नेहरू (जेएलएन) मार्ग और मीरदर्द चौक की ओर जाने से बचने की सलाह दी गई है. ट्रैफिक पुलिस ने कहा है कि इन इलाकों से होकर गुजरना जरूरी हो तो लोग अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें.
एडवाइजरी के अनुसार, बहादुर शाह जफर मार्ग, जेएलएन मार्ग और डीडीयू मार्ग के कुछ प्रमुख हिस्सों पर मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर भी प्रतिबंध रहेगा. यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा की योजना पहले से बनाएं और स्टेडियम के आसपास अनावश्यक आवाजाही से बचें.
भारत और अफगानिस्तान के बीच यह तीन मैचों की सीरीज का पहला टी20 मुकाबला है. सीरीज के अगले दो मैच भी अरुण जेटली स्टेडियम में 15 और 17 सितंबर को खेले जाने हैं.
