दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में 29 और 30 अक्टूबर को मौसम बदलने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, इस दौरान बादल छाने के साथ बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं.
पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए 29 और 30 अक्टूबर को भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इन दोनों दिनों गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ मौसम खराब रहने का अनुमान है. विभाग ने 28 अक्टूबर को भी पूर्वी उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान और बिजली गिरने जैसी गतिविधियों की संभावना जताई है.
मौसम में इस बदलाव के पीछे बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान अर्णब और एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव बताया गया है. IMD के अनुसार, अर्णब के 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश-यानम तट के बीच बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में पहुंचने का अनुमान था.
बारिश और गरज-चमक के दौरान लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी जाती है. स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग के ताजा अलर्ट पर नजर रखना जरूरी होगा.
