दिल्ली में BRICS समिट के दौरान मौसम चुनौती बन सकता है. मौसम विभाग ने 11 सितंबर को राजधानी के कई इलाकों में हल्की बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान जताया है. नजफगढ़, लोदी रोड, पालम और सफदरजंग समेत कई क्षेत्रों में बारिश की संभावना है.

दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. बारिश और तेज हवाओं के कारण दिन के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है.

कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने ओडिशा, छत्तीसगढ़ और तटीय आंध्र प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, झारखंड, केरल, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, उत्तराखंड, विदर्भ तथा पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है.

ओडिशा में गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. तटीय आंध्र प्रदेश में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. मराठवाड़ा, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और विदर्भ में भी कुछ जगहों पर तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है.

कम दबाव का क्षेत्र और ट्रफ का असर

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से और आसपास के क्षेत्र में बना कम दबाव का क्षेत्र मौसम को प्रभावित कर रहा है. 10 सितंबर को इसके साथ एक चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय था, जो समुद्र तल से करीब 9.4 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला था.

उत्तर हरियाणा से उत्तर प्रदेश और झारखंड होते हुए बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव वाले क्षेत्र तक एक ट्रफ बनी हुई है. इसके प्रभाव से पूर्वी भारत में नमी बढ़ने और बारिश की गतिविधियां मजबूत होने का अनुमान है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई. गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड और बिहार के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश हुई.

यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी अलर्ट

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, नोएडा, लखनऊ, आगरा, अयोध्या, बागपत, बलिया, बाराबंकी, भदोही, बुलंदशहर, चित्रकूट, गोरखपुर, हरदोई, कानपुर और झांसी में तेज बारिश की संभावना है. कुछ इलाकों में हवाएं 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकती हैं.

बिहार के औरंगाबाद, भागलपुर, बक्सर, पूर्वी चंपारण, हाजीपुर, खगड़िया, नवादा, राजगीर, सासाराम, सीतामढ़ी और पटना समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट है. यहां 30 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है.

मध्य प्रदेश के कई जिलों में 40 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. राजस्थान के अजमेर, जयपुर, कोटा, जोधपुर, उदयपुर समेत कई इलाकों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.