दिल्ली में अगले तीन दिनों तक मौसम सुहाना होने के बजाय उमस भरा रह सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, राजधानी में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश के आसार हैं. हालांकि, तापमान में किसी बड़ी गिरावट की संभावना फिलहाल नहीं जताई गई है.

सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. रविवार को अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से 1.3 डिग्री अधिक था. न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.1 डिग्री ज्यादा है.

3.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज

शनिवार रात 8.30 बजे से रविवार सुबह 8.30 बजे के बीच दिल्ली में 3.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई. बारिश के बावजूद दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री से ऊपर बना रहा. रविवार शाम 5.30 बजे सापेक्ष आर्द्रता 65 फीसदी दर्ज की गई. बादल और नमी के कारण लोगों को उमस का सामना करना पड़ा.

हवा की गुणवत्ता संतोषजनक

समीर ऐप के मुताबिक, रविवार शाम 6 बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 86 था. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मानकों के अनुसार 51 से 100 के बीच AQI को ‘संतोषजनक’ श्रेणी में रखा जाता है.

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले तीन दिनों में बादल और हल्की बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है.