केंद्र सरकार संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 के जरिए लोकसभा और राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों की विधानसभाओं में सीटों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव लेकर आ रही है. विधेयक में लोकसभा और विधानसभाओं की मौजूदा सीटों में 50 फीसदी बढ़ोतरी का प्रावधान है. इसका प्रमुख उद्देश्य महिलाओं के लिए एक तिहाई आरक्षण को लागू करने का रास्ता तैयार करना बताया गया है.

विधेयक सोमवार को लोकसभा में पेश किया जाना प्रस्तावित है. अभी यह कानून नहीं बना है, इसलिए सीटों की अंतिम संख्या और राज्यवार बंटवारा आगे की संवैधानिक और परिसीमन प्रक्रिया पर निर्भर करेगा.

लोकसभा की अधिकतम संख्या 850 करने का प्रस्ताव

प्रस्तावित संशोधन में संविधान के अनुच्छेद 81 में बदलाव की बात है. इसके तहत लोकसभा की अधिकतम संख्या 550 से बढ़ाकर 850 की जा सकती है. इनमें राज्यों से चुने जाने वाले सदस्यों की सीमा 530 से बढ़कर 815 और केंद्र शासित प्रदेशों के सदस्यों की सीमा 20 से बढ़कर 35 करने का प्रस्ताव है.

हालांकि विधेयक में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि किस राज्य या केंद्र शासित प्रदेश को कितनी लोकसभा सीटें मिलेंगी. इसमें कहा गया है कि परिसीमन से ठीक पहले मौजूद सीटों की संख्या में 50 फीसदी बढ़ोतरी की जाएगी.

विधानसभाओं की सीमा 650 करने की तैयारी

विधेयक में राज्यों की विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव है. संविधान के अनुच्छेद 170 में बदलाव के बाद विधानसभा की न्यूनतम सीमा 60 सदस्य ही रहने की बात है. हर राज्य की विधानसभा में भी परिसीमन से पहले मौजूद सीटों के मुकाबले 50 फीसदी बढ़ोतरी प्रस्तावित है.

प्रस्तावित बदलाव संविधान के अनुच्छेद 81, 82 और 170 से जुड़े हैं. इनके जरिए लोकसभा के गठन, सीटों के बंटवारे, चुनाव क्षेत्रों के परिसीमन और विधानसभाओं की संरचना से संबंधित प्रावधानों में संशोधन किया जाएगा.

महिला आरक्षण परिसीमन के बाद लागू होगा

विधेयक में लोकसभा, राज्यों की विधानसभाओं और दिल्ली, पुडुचेरी तथा जम्मू-कश्मीर की विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक तिहाई आरक्षण लागू करने का प्रस्ताव है. इसमें अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की महिलाओं के लिए आरक्षित सीटें भी शामिल होंगी.

यह आरक्षण संशोधन लागू होने के बाद होने वाले पहले परिसीमन के पूरा होने पर प्रभावी होने की बात कही गई है. इस तरह महिला आरक्षण को सीटों की नई संख्या और चुनाव क्षेत्रों की नई सीमाओं से जोड़ा गया है.

जनगणना के आंकड़ों पर स्थिति स्पष्ट नहीं

प्रस्तावित विधेयक में किसी एक जनगणना वर्ष का नाम नहीं दिया गया है. इसमें कहा गया है कि संशोधन लागू होने की तारीख तक उपलब्ध सबसे ताजा प्रकाशित जनगणना के आंकड़ों के आधार पर परिसीमन किया जाएगा. इसलिए यह अभी स्पष्ट नहीं है कि 2021 या 2027 की जनगणना में से किसके आंकड़े इस्तेमाल होंगे.

नई सीटों और परिसीमन से तय होने वाला बंटवारा 2051 तक लागू रहने का प्रस्ताव है. वहीं महिलाओं के लिए आरक्षण 2023 के संविधान (106वां संशोधन) अधिनियम के लागू होने की तारीख से 15 साल तक जारी रहने की बात कही गई है. संसद कानून बनाकर इस अवधि को बढ़ा सकती है.