केंद्र की प्रस्तावित परिसीमन व्यवस्था को लेकर विपक्षी गठबंधन INDIA bloc में मतभेद सामने आने के बाद कांग्रेस ने सहयोगी दलों से संपर्क तेज कर दिया है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी 29 नवंबर को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एवं DMK प्रमुख एमके स्टालिन से चेन्नई में मुलाकात करेंगे. इसके बाद नेताओं के मुंबई जाकर NCP(SP) प्रमुख शरद पवार से मिलने की संभावना है.

यह पहल ऐसे समय हो रही है जब DMK और शरद पवार के नेतृत्व वाली NCP(SP) ने प्रस्तावित परिसीमन विधेयक का समर्थन करने के संकेत दिए हैं. कांग्रेस इन दलों से अपने रुख पर पुनर्विचार करने और विपक्षी एकजुटता बनाए रखने का आग्रह कर सकती है.

बैठकों में INDIA bloc के अन्य नेता और कुछ राज्यों के कांग्रेस नेता भी शामिल हो सकते हैं. प्रस्तावित विधेयक पर चर्चा के लिए संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होना है. परिसीमन के साथ महिलाओं के लिए आरक्षण से जुड़े संवैधानिक बदलावों पर भी संसद में विचार प्रस्तावित है.