नई दिल्ली: संसद के विशेष सत्र से एक दिन पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे परिसीमन से जुड़े प्रस्तावित विधेयकों पर समर्थन जुटाने के लिए DMK प्रमुख एमके स्टालिन और NCP (SP) अध्यक्ष शरद पवार से मुलाकात कर सकते हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सोनिया गांधी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी इन बैठकों में शामिल हो सकते हैं.
खरगे के चेन्नई में स्टालिन और मुंबई में शरद पवार से मिलने की संभावना है. यह पहल ऐसे समय हो रही है जब DMK और NCP (SP) ने केंद्र के प्रस्तावित कानूनों का समर्थन करने के संकेत दिए हैं, जबकि INDIA ब्लॉक के कई दल इनका विरोध कर रहे हैं.
विपक्षी दलों की शनिवार को हुई बैठक में मौजूदा 543 सदस्यीय लोकसभा के भीतर ही 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू करने और राज्यों के प्रतिनिधित्व की सुरक्षा की मांग उठी. कांग्रेस प्रस्तावित विधेयकों पर विपक्ष की साझा रणनीति बनाना चाहती है.
सरकार 30 नवंबर से शुरू होने वाले विशेष सत्र में संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 और परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 पेश करने की तैयारी में है. प्रस्तावों में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी तथा महिला आरक्षण लागू करने का प्रावधान बताया गया है.
