परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्षी INDIA गठबंधन के भीतर मतभेद सामने आ गए हैं. कांग्रेस इस प्रस्ताव का विरोध कर रही है, जबकि द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) ने नए प्रारूप को समर्थन देने का फैसला किया है. इसी बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने DMK और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू से देश और लोकतंत्र के हित में सोचने की अपील की है.
दिल्ली में शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि यह “लोकतंत्र के दिल को बचाने की लड़ाई” है. उन्होंने अपनी पार्टी और सहयोगी दलों, खासकर DMK, से भारत के बारे में सोचने को कहा. राहुल ने चंद्रबाबू नायडू का नाम लेते हुए उनसे भी देश के बारे में सोचने की अपील की.
DMK ने क्यों बदला रुख
चेन्नई में पार्टी प्रमुख एमके स्टालिन की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद DMK ने नए परिसीमन बिल का समर्थन करने का फैसला किया. पार्टी के वरिष्ठ नेता ए राजा ने इसकी जानकारी दी. DMK को पहले आशंका थी कि जनसंख्या के आधार पर सीटों के पुनर्निर्धारण से दक्षिणी राज्यों की संसद में हिस्सेदारी घट सकती है.
पार्टी ने केंद्र के सामने लोकसभा सीटों में 50 फीसदी वृद्धि और राज्यों के बीच मौजूदा सीट अनुपात को अगले 25 वर्षों तक बनाए रखने की मांग रखी थी. DMK का कहना है कि नए प्रस्ताव में इन मांगों को शामिल किया गया है. पार्टी के अनुसार, तमिलनाडु की लोकसभा में मौजूदा 7.18 फीसदी हिस्सेदारी घटने के बजाय नए फॉर्मूले में करीब 7.21 फीसदी रह सकती है.
दक्षिणी राज्यों के सांसदों के समर्थन का दावा
प्रस्ताव के समर्थकों की ओर से दक्षिण भारत के पांच राज्यों—कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, केरल और आंध्र प्रदेश—के 129 सांसदों में से 75 के समर्थन का दावा किया जा रहा है. इस सूची में DMK, BRS, YSRCP, TDP, जन सेना और JD(S) का नाम शामिल है. समर्थकों का तर्क है कि सीटों में 50 फीसदी वृद्धि और मौजूदा अनुपात बनाए रखने से दक्षिणी राज्यों की हिस्सेदारी सुरक्षित रह सकती है तथा महिला आरक्षण लागू करने का रास्ता खुल सकता है.
कांग्रेस और वाम दलों का कहना है कि महिला आरक्षण लागू करने के लिए परिसीमन का इंतजार जरूरी नहीं है. उनका यह भी तर्क है कि नए परिसीमन से चुनाव क्षेत्रों की सीमाओं में बड़े बदलाव का अवसर मिल सकता है.
जम्मू-कश्मीर के नेशनल कॉन्फ्रेंस सांसद मियां अल्ताफ अहमद ने कहा है कि वह INDIA गठबंधन की रणनीति का पालन करेंगे और विधेयक पर मतदान में हिस्सा लेंगे. संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक प्रस्तावित है, जिसमें परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों पर चर्चा होनी है.
