केंद्र सरकार लोकसभा परिसीमन के लिए ऐसी व्यवस्था पर विचार कर रही है जिसमें राज्यों को आवंटित सीटों का मौजूदा अनुपात 1971 की जनगणना के आधार पर बरकरार रखा जा सकता है. इसके साथ ही निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं को 2011 की जनगणना के आंकड़ों के आधार पर फिर से तय करने और हर राज्य में सीटों की संख्या करीब 50 प्रतिशत बढ़ाने का प्रस्ताव चर्चा में है.

रिपोर्ट्स के अनुसार, इस फॉर्मूले का उद्देश्य जनसंख्या वृद्धि के आधार पर नए निर्वाचन क्षेत्र बनाना है, लेकिन दक्षिणी राज्यों की हिस्सेदारी पर संभावित असर को सीमित रखना भी प्रस्ताव का अहम हिस्सा है. मौजूदा संवैधानिक व्यवस्था के तहत राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का आवंटन 1971 की जनगणना के आधार पर स्थिर है.

प्रस्तावित 50 प्रतिशत वृद्धि लागू होने पर लोकसभा की कुल निर्वाचित सीटें 543 से बढ़कर करीब 815 तक पहुंच सकती हैं. हालांकि, अंतिम संख्या, परिसीमन की प्रक्रिया और इस्तेमाल किए जाने वाले जनगणना आंकड़ों पर संसद में प्रस्तावित विधेयकों और आगे की राजनीतिक सहमति के बाद ही स्पष्टता आएगी. सरकार इस प्रक्रिया को महिला आरक्षण लागू करने की समयसीमा से भी जोड़कर देख रही है.