उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में शनिवार रात एक युवक मोबाइल टावर के ऊपरी हिस्से पर चढ़ गया. घटना लार थाना क्षेत्र के पटनेजी गांव की है, जहां युवक को टावर पर बैठे देखकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी. इसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, युवक की पहचान मटियारा जगदीश निवासी 25 वर्षीय मनीष गौड़ के रूप में हुई है. बताया गया कि वह खरवनिया स्थित शराब की दुकान से शराब पीने के बाद खरवनिया पुल पहुंचा था और नदी में कूदने की कोशिश कर रहा था. उसके पिता कन्हैया गोंड ने समय रहते उसे बचा लिया और घर ले आए.

कुछ देर बाद युवक घर से निकलकर पटनेजी गांव के मोबाइल टावर पर चढ़ गया. पुलिस टीम ने उसे नीचे उतारने के लिए लाउडस्पीकर और टॉर्च का इस्तेमाल किया. थाना प्रभारी ने माइक से उसे भरोसा दिलाते हुए नीचे आने की अपील की. करीब तीन घंटे तक समझाने के बाद युवक नीचे उतर आया.

इसके बाद पुलिस उसे थाने ले गई. घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिसमें रात के समय टावर के ऊपर युवक और नीचे मौजूद पुलिसकर्मी व ग्रामीण दिखाई दे रहे हैं.

24 घंटे के भीतर दूसरी घटना

इसी टावर पर इससे करीब 24 घंटे पहले एक किशोरी भी चढ़ गई थी. रिपोर्ट्स के अनुसार, वह अपने प्रेमी से शादी करने की जिद कर रही थी. पुलिस की कोशिशों के बाद उसे भी सुरक्षित नीचे उतारा गया था.

लगातार दो दिनों में एक ही टावर पर दो लोगों के चढ़ने की घटनाओं से पटनेजी गांव का यह मोबाइल टावर स्थानीय स्तर पर चर्चा में आ गया है.