धमतरी पुलिस और साइबर सेल ने नेशनल हाईवे-30 पर कोड़ापार नहर पुलिया के पास 64 वर्षीय व्यक्ति को 146 बहुमूल्य पत्थरों के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी इन पत्थरों को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में धमतरी पहुंचा था. बरामद पत्थरों की कीमत करीब 10 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है.

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनोद अग्रवाल के रूप में हुई है. वह बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के भाटापारा स्थित के.के. वार्ड का निवासी बताया गया है. कार्रवाई चौकी बिरेझर और साइबर थाने की संयुक्त टीम ने की. पुलिस को रायपुर-जगदलपुर मार्ग पर एक संदिग्ध व्यक्ति के बहुमूल्य पत्थरों के साथ मौजूद होने की सूचना मिली थी. इसके बाद कोड़ापार नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया गया.

बरामदगी में पत्थर, मोबाइल और नकदी शामिल

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से सफेद, चमकदार और पारदर्शी पत्थर मिले. पुलिस के अनुसार, इन 146 नग का कुल वजन 16.17 ग्राम और शुद्ध वजन 13.49 ग्राम है. इनका अनुमानित बाजार मूल्य 10 लाख 5 हजार रुपये बताया गया है. मोबाइल फोन और नकद राशि समेत जब्त किए गए कुल मशरूके की कीमत 10 लाख 15 हजार 200 रुपये आंकी गई है.

पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने इन पत्थरों को वर्ष 2018 में गरियाबंद जिले के पायलीखंड खदान क्षेत्र से चुराने की बात कही. हालांकि, इस दावे और पत्थरों की वास्तविक प्रकृति की पुष्टि जांच और संबंधित परीक्षण के आधार पर होगी.

आरोपी के खिलाफ खान एवं खनिज अधिनियम की धारा 21(4) और भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर रिमांड पर जेल भेज दिया है.