धमतरी से करीब 10 किलोमीटर दूर आमदी के पास स्टेट हाईवे पर 31 अक्टूबर और 1 नवंबर की दरमियानी रात दो हाइवा ट्रकों की टक्कर हो गई. हादसा रात करीब 12:30 से 1 बजे के बीच हुआ. टक्कर में एक हाइवा का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया.

अर्जुनी पुलिस के मुताबिक, दोनों वाहन हाईवे पर एक-दूसरे के पीछे चल रहे थे. इसी दौरान आगे चल रही हाइवा के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया. पीछे आ रही हाइवा उससे टकरा गई. दुर्घटना के बाद चालक ओमप्रकाश साहू (55), निवासी पिंकापार खम्हारी, जिला बालोद, के पैर और सीना स्टीयरिंग व सीट के बीच दब गए थे.

डायल-112 के कर्मचारियों ने लोहे की रॉड और दूसरी गाड़ी की मदद से करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला. इसके बाद घायल चालक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया.

घटनास्थल पर मौजूद लोगों के मुताबिक, बचाव कार्य में 10 से 15 मिनट की और देरी होने पर चालक की जान को गंभीर खतरा हो सकता था. स्थानीय लोगों ने बताया कि रात 9 बजे के बाद धमतरी क्षेत्र में रेत ढोने वाले हाइवा बड़ी संख्या में गुजरते हैं. उनके अनुसार, कई बार 50 से 70 वाहन कतार में तेज रफ्तार से चलते हैं, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है.