धमतरी जिले में अर्नब चक्रवात के प्रभाव से हुई बारिश और तेज हवाओं के बाद धान की फसल को नुकसान पहुंचने की शिकायतें सामने आई हैं. खेतों में पककर तैयार फसल गिरने से किसानों की चिंता बढ़ गई है. जिला प्रशासन और कृषि विभाग ने नुकसान का आकलन कराने के लिए सर्वे शुरू कराया है.
कृषि विभाग के मुताबिक, जिलेभर से अब तक करीब 5 हजार किसानों ने फसल क्षतिपूर्ति के लिए आवेदन किया है. प्रभावित किसानों के लिए टोल फ्री नंबर जारी किया गया था, जिसके जरिए फसल नुकसान की शिकायतें दर्ज कराई गईं. फिलहाल बीमा कंपनी की टीम खेतों में सर्वे कर रही है. अधिकारियों के अनुसार, सर्वे 10 दिनों के भीतर पूरा कर प्रतिवेदन सौंपा जाएगा. इसके बाद पात्र किसानों को नियमानुसार क्षतिपूर्ति देने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.
कटाई के बाद नुकसान की सूचना 72 घंटे में जरूरी
कृषि विभाग के अधिकारी मोनेश साहू ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में नुकसान की स्थिति के अनुसार अलग-अलग प्रावधान हैं. कटाई के बाद खेत में रखी फसल बारिश से प्रभावित होने पर किसान को 72 घंटे के भीतर बीमा कंपनी के टोल फ्री नंबर 14447 पर सूचना देनी होती है. सूचना मिलने के बाद बीमा कंपनी 10 दिनों के भीतर सर्वे करती है.
सर्वे के दौरान नुकसान और किसान की पात्रता की पुष्टि की जाएगी. इसके आधार पर ही क्षतिपूर्ति भुगतान का निर्णय होगा. विभाग के अनुसार, प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होनी है. ऐसे में कई किसान कटाई नहीं कर पाए थे, जबकि कुछ किसानों ने कटाई के बाद धान खेतों में ही रखा था.
अधिकारियों के मुताबिक, बारिश से प्रभावित फसल का वास्तविक नुकसान सर्वे पूरा होने के बाद ही स्पष्ट होगा.
