धमतरी जिले में चक्रवात ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए 28 और 29 अक्टूबर को भारी बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक की आशंका जताई गई है. जिला प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए निगरानी और बचाव तैयारियां बढ़ा दी हैं. हवा की रफ्तार करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना बताई गई है.
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने किसानों से खेतों में कटी फसल और उपज को जल्द सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की अपील की है. खड़ी फसल के लिए भी जरूरी सावधानी बरतने और मौसम की स्थिति को देखते हुए फिलहाल नई बुवाई से बचने की सलाह दी गई है. भारी बारिश की स्थिति बनने पर स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद करने का फैसला परिस्थितियों के आकलन के बाद लिया जा सकता है.
गंगरेल बांध के जलस्तर पर निगरानी
ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों से पानी की आवक बढ़ने और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में रविशंकर सागर बांध यानी गंगरेल से किसी भी समय अधिक मात्रा में पानी छोड़ा जा सकता है. प्रशासन ने नदी किनारे, निचले इलाकों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने को कहा है.
27 अक्टूबर की स्थिति के अनुसार गंगरेल बांध का जलस्तर 345.03 मीटर था, जबकि पूर्ण जलाशय स्तर 348.70 मीटर है. यहां पानी की आवक 5,904 क्यूसेक और जीवित जलभराव क्षमता का उपयोग 59.53 प्रतिशत बताया गया. दुधावा बांध में जलभराव क्षमता का उपयोग 84.21 प्रतिशत और मुरूमसिल्ली बांध में 90.72 प्रतिशत था. सौंदूर बांध में यह आंकड़ा 82.73 प्रतिशत दर्ज किया गया.
प्रशासन ने लोगों से नदी, नालों, पुल-पुलियों और पानी के तेज बहाव वाले स्थानों के पास जाने से बचने की अपील की है. पेड़ों, बिजली के खंभों और जर्जर भवनों से दूर रहने तथा अनावश्यक यात्रा नहीं करने की सलाह दी गई है. SDRF को अलर्ट पर रखा गया है और जरूरत पड़ने पर NDRF की मदद ली जा सकती है.
