धमतरी जिले में दीपावली से पहले खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावट और अस्वच्छता के खिलाफ जांच अभियान तेज किया है. विभाग के अनुसार अक्टूबर 2026 से अब तक टीम 41 मिठाई, नमकीन और अन्य खाद्य सामग्री बनाने वाले प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर चुकी है. इस दौरान 23 खाद्य नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं.

खाद्य सुरक्षा अधिकारी फनेश्वर पिथौरा के अनुसार जांच धमतरी शहर के अलावा नगरी, मगरलोड, मेघा और अन्य इलाकों में भी की जा रही है. टीम दुकानों और कारखानों में साफ-सफाई, कच्चे माल, खाद्य रंग, मिठाइयों में इस्तेमाल होने वाले चांदी के वर्क और निर्माण स्थल की स्थिति की जांच कर रही है.

लाइसेंस निलंबित, कई इकाइयों को चेतावनी

विभाग के मुताबिक, गंदगी के बीच मिठाई बनाने और खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने के कारण रामन स्वीट्स मिठाई कारखाने का एफएसएसएआई लाइसेंस निलंबित किया गया है. धमतरी की सुनील नमकीन फैक्ट्री से नमूना लिया गया है, जबकि नगरी स्थित बीकानेर स्वीट्स को चेतावनी दी गई है. हल्दी-मिर्च और मसाला बनाने वाली इकाइयों से भी नमूने लिए गए हैं. भखारा के पास एक मसाला फैक्ट्री से लिया गया नमूना भी लैब भेजा गया है.

अधिकारी के अनुसार कुछ स्थानों पर खराब और खाने योग्य नहीं बची सामग्री नष्ट कराई गई. एक नमकीन फैक्ट्री का लाइसेंस एक दिन के लिए निलंबित किया गया था. नमूनों की जांच रिपोर्ट दीपावली के बाद आने की संभावना है.

खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के उल्लंघन पर कारोबारियों पर कुल 2 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है. नवरात्रि में बिना खाद्य पंजीयन कारोबार करते मिले 9 फल विक्रेताओं के मामले न्यायालय भेजे गए. पिछले एक साल में ऐसे 21 मामले पेश हुए, जिनमें 9 का निपटारा हो चुका है.

विभाग ने करीब 700 खाद्य कारोबारियों को फोस्टैक प्रशिक्षण दिया है. लोगों से खुले में रखी और धूल-मिट्टी के संपर्क में आने वाली मिठाई-नमकीन खरीदने से बचने की अपील की गई है.