धमतरी में शेयर ट्रेडिंग और निवेश के नाम पर 3 करोड़ 12 लाख रुपये से अधिक की कथित ठगी के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी विक्रम सिंह शाह को मध्यप्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी लोगों को हर महीने 4 प्रतिशत ब्याज या मुनाफा देने का भरोसा दिलाकर रकम निवेश करवाता था.
आरोपी धमतरी के कलेक्ट्रेट रोड स्थित ‘वेल्थ ट्रैकर’ कार्यालय से लोगों को शेयर बाजार और ट्रेडिंग ऐप में निवेश के लिए प्रेरित करता था. निवेशकों का भरोसा जीतने के लिए वह स्टांप पेपर पर नोटरीकृत इकरारनामा बनवाता और सुरक्षा के तौर पर बैंक चेक भी देता था.
इस मामले में बालोद जिले के गुरूर के वार्ड क्रमांक 13 निवासी 62 वर्षीय शिवकुमार साहू ने गुरूर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायतकर्ता और उनके परिजनों ने आरोपी के पास 25 लाख रुपये निवेश किए थे. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने शुरुआती कुछ महीनों तक मुनाफे की रकम दी, लेकिन बाद में मूलधन और मुनाफा लौटाए बिना फरार हो गया. चूंकि कथित घटना धमतरी के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की थी, इसलिए जांच धमतरी पुलिस को सौंपी गई.
कई निवेशकों से रकम लेने का आरोप
पुलिस जांच में संगीता सिन्हा से 81 लाख रुपये, अंबिका प्रसाद सोनवानी से 60 लाख रुपये, भूषण सिन्हा से 28 लाख रुपये, चेतन सिन्हा से 16 लाख रुपये और प्रभुलाल सिन्हा से 12 लाख रुपये लेने की जानकारी सामने आई है. पुलिस का कहना है कि आरोपी ने शेयर मार्केट और ट्रेडिंग ऐप के नाम पर अन्य लोगों से भी रकम जुटाई.
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन, एक टैबलेट, निवेशकों से जुड़े नोटरीकृत इकरारनामे और बैंक चेक जब्त किए हैं. आरोपी का स्थायी पता धमतरी और वर्तमान पता रायपुर के अमलीडीह स्थित क्लासिक टॉवर बताया गया है. पुलिस उसे अदालत में पेश कर रिमांड लेने की प्रक्रिया में है.
