धमतरी जिले में धान की कटाई और मिंजाई के दौरान आंखों में तिनके या धान की बालियां लगने से गंभीर चोट के मामले सामने आए हैं. स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस सीजन में 49 लोग आंखों की रोशनी गंवा चुके हैं. इनमें 14 लोगों की दोनों आंखों और 35 लोगों की एक आंख की रोशनी जाने की जानकारी है.
गंभीर संक्रमण के कारण दो लोगों की एक-एक आंख शल्य चिकित्सा के जरिये निकालनी पड़ी. जिला अस्पताल में रोजाना ऐसे तीन से चार मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं. विशेषज्ञों ने आंख में चोट लगने पर देरी न करने और बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा न लेने की चेतावनी दी है.
कुरूद और नगरी में अधिक मामले
आंकड़ों के मुताबिक, कुरूद विकासखंड में दोनों आंखों की रोशनी खोने वाले 10 और एक आंख से दृष्टि गंवाने वाले 13 मरीज सामने आए हैं. नगरी में 17 लोगों की एक आंख की रोशनी जाने की जानकारी है, जबकि दोनों आंखों से अंधेपन का मामला दर्ज नहीं हुआ.
मगरलोड में दो लोग दोनों आंखों और तीन लोग एक आंख की दृष्टि गंवा चुके हैं. गुजरा और धमतरी क्षेत्र में दो-दो मरीजों की दोनों आंखों तथा दो-दो मरीजों की एक आंख की रोशनी जाने की जानकारी दी गई है.
नेत्र विशेषज्ञों के अनुसार, आंख में तिनका जाने पर उसे रगड़ने से कॉर्निया पर घाव गहरा हो सकता है. बिना सलाह के स्टेरॉयड आई ड्रॉप डालने से फंगल या बैक्टीरियल संक्रमण बढ़ने का खतरा रहता है. संक्रमण बढ़ने पर आंख को बचाना मुश्किल हो सकता है.
