धमतरी जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर 2026 से शुरू होगी. खरीदी का संचालन 15 जनवरी 2027 तक किया जाएगा. प्रक्रिया की निगरानी और उसे पारदर्शी बनाने के लिए कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने धान खरीदी केंद्रों पर निगरानी समितियों का गठन किया है.
शासन के निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुसार 17 प्रतिशत से अधिक नमी वाले धान की खरीद नहीं की जाएगी. औसत अच्छी गुणवत्ता (FAQ) के अनुरूप नहीं होने वाले धान और पुराना धान भी खरीदी के लिए स्वीकार नहीं होगा. किसानों द्वारा लाए गए धान की नमी की जांच आर्द्रतामापी यंत्र से की जाएगी.
समिति के प्रत्येक सदस्य को रोजाना सुबह 9 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक खरीदी केंद्र पर मौजूद रहना होगा. समिति सही तौल, इलेक्ट्रॉनिक कांटों की प्रमाणिकता, गुणवत्ता जांच और खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता पर निगरानी रखेगी. इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटों का नापतौल विभाग से सत्यापन भी अनिवार्य किया गया है.
यदि धान गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाया जाता है, तो उसके तीन नमूने तैयार किए जाएंगे. इनमें से एक नमूना पावती के साथ किसान को लौटाया जाएगा, जबकि दो नमूने समिति के पास परीक्षण के लिए सुरक्षित रखे जाएंगे.
प्रशासन ने कोचियों और बिचौलियों के जरिए धान बेचने पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं. ऐसे प्रयासों पर तत्काल प्रकरण दर्ज किया जाएगा और मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा सकती है. कृषि उपज मंडी समितियों के सचिवों को नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं.
खरीदी केंद्रों पर रोजाना खरीदे गए धान की कृषकवार सूची नोटिस बोर्ड पर लगाई जाएगी और इसे एक सप्ताह तक प्रदर्शित रखा जाएगा. केंद्रों पर पर्याप्त बारदाने, नियमित आपूर्ति और खरीदे गए धान का समय पर परिवहन सुनिश्चित करने को कहा गया है. समर्थन मूल्य की दर मुख्य द्वार पर रोजाना बैनर के जरिए प्रदर्शित की जाएगी.
सभी केंद्रों को प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट वरिष्ठ कार्यालयों को भेजनी होगी. अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, खाद्य अधिकारी और जिला विपणन अधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों को नियमित भ्रमण कर व्यवस्था की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं.
