धमतरी जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होगी. जिला प्रशासन के अनुसार, खरीदी के लिए जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों पर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.

इस वर्ष जिले में कुल 1,31,491 किसान पंजीकृत हैं. इन किसानों की कुल पंजीकृत भूमि का रकबा 1,30,659 हेक्टेयर है, जबकि धान का पंजीकृत रकबा 1,22,058 हेक्टेयर दर्ज किया गया है. बड़ी संख्या में किसानों को देखते हुए केंद्रों पर सुव्यवस्थित खरीदी के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं.

उपार्जन केंद्रों पर साफ-सफाई, फेंसिंग, बिजली, पेयजल और किसानों के बैठने की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ तौल उपकरण, नमी मापक यंत्र और बारदाने की व्यवस्था की गई है. धान के सुरक्षित भंडारण के लिए भी इंतजाम किए गए हैं. निगरानी के लिए केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं.

अवैध धान की आवक रोकने के लिए जिले के सीमावर्ती और संवेदनशील इलाकों में चेकपोस्ट बनाए गए हैं. इन पर अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है. खरीदी व्यवस्था की निगरानी के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं और उड़नदस्ता दलों का गठन किया गया है. ये दल अवैध परिवहन, भंडारण और बिक्री पर नजर रखेंगे. संदिग्ध गतिविधि मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने अधिकारियों को शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ खरीदी कराने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने किसानों को किसी तरह की परेशानी न होने देने और अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा है. प्रशासन ने किसानों से निर्धारित केंद्रों पर ही उपज लाने और धान विक्रय की तय प्रक्रिया का पालन करने की अपील की है.