धमतरी के टिकरापारा इलाके में घर में घुसकर महिला के साथ कथित मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है. घटना में इस्तेमाल किए गए बांस के डंडे जब्त किए गए हैं.

पुलिस के मुताबिक, घटना 21 अक्टूबर की रात की है. महिला अपने घर के आंगन में बच्चे को खिला रही थी. इसी दौरान करीब 10 से 12 युवक तलवार, बेसबॉल स्टिक और लाठी-डंडे लेकर उसके घर में घुस आए. आरोप है कि युवकों ने महिला के साथ झूमाझटकी की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी.

इसके बाद महिला अपनी मां तारा निर्मलकर के घर पहुंची. आरोप है कि युवक वहां भी पहुंच गए और घर में घुसकर गाली-गलौज करने लगे. उन्होंने तलवार और लाठी-डंडे लहराकर भय का माहौल बनाया.

महिला की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस ने देवेंद्र नेताम उर्फ पप्पू (30), आदित्य मसीह (19), हिमांशु राकुडला (20), हर्ष अंगारे उर्फ छोटू (20) और रुद्रेश प्रताप साहू (29) को गिरफ्तार किया है.

पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है. घटना में शामिल बताए जा रहे अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.