धमतरी जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो लोगों पर जानलेवा हमले के मामले सामने आए हैं. पुलिस के अनुसार, दोनों घटनाएं 11 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे हुईं. मगरलोड और भखारा थाना क्षेत्रों की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों के कब्जे से हमले में इस्तेमाल हथियार भी बरामद किए गए हैं.
भेण्डरी में बुजुर्ग पर धारदार स्पोक से हमला
पहली घटना मगरलोड थाना क्षेत्र की करेलीबड़ी चौकी अंतर्गत ग्राम भेण्डरी की है. पुलिस के मुताबिक, नारायण साहू अपने पिता भागीरथी साहू के साथ बस स्टैंड स्थित चाय ठेले पर मौजूद थे. इसी दौरान गांव का ईश्वर राम उर्फ बल्ले साहू वहां पहुंचा और कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगा. महिलाओं की मौजूदगी का हवाला देते हुए भागीरथी साहू ने उसे ऐसा करने से मना किया.
पुलिस के अनुसार, इससे नाराज आरोपी ने साइकिल के धारदार स्पोक से बुजुर्ग के पेट पर छह से सात वार किए. घायल भागीरथी साहू को नयापारा स्थित संजीवनी अस्पताल में भर्ती कराया गया. मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 और 109(1) के तहत केस दर्ज किया. पुलिस का कहना है कि आरोपी की निशानदेही पर करेलीबड़ी के नंगरा नाला पुल के नीचे पाइप में छिपाया गया स्पोक बरामद किया गया.
जोरातराई में पुरानी रंजिश का मामला
दूसरी घटना भखारा थाना क्षेत्र के ग्राम जोरातराई (अ) में हुई. पुलिस के अनुसार, देवेंद्र साहू शीतला मंदिर के पास बैठे थे. इसी दौरान खगेश कुमार निर्मलकर उर्फ सागर निर्मलकर वहां पहुंचा और विवाद के बाद चाकू से हमला कर दिया. घायल देवेंद्र को डायल 112 की मदद से कुरुद अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया.
भखारा पुलिस ने धारा 109 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके पास से धारदार बटची चाकू जब्त किया. दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर जेल भेज दिया गया है. पुलिस ने लोगों से सार्वजनिक स्थानों और सामाजिक कार्यक्रमों में शांति बनाए रखने की अपील की है.
