धमतरी जिले के केरेगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बाहनापथरा (कोटाभर्रीडीह) में 34 वर्षीय महिला सत्याबाई कमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, महिला के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं और उसके पति राजकुमार कमार की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है. उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
पुलिस को दी गई जानकारी के मुताबिक, 25 नवंबर की रात करीब 11:30 बजे सरपंच सत्यवान ध्रुव ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई. राजकुमार ने बताया था कि वह शाम करीब सात बजे मछली पकड़ने गया था. रात करीब आठ बजे लौटने पर उसने पत्नी को घायल अवस्था में देखा. इसके बाद सरपंच और ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी.
पुलिस टीम ने मौके का मुआयना किया और सत्यवान ध्रुव तथा ग्राम कोटवार हीरासिंह नेताम की मौजूदगी में धारा 194 बीएनएसएस के तहत मर्ग कायम किया. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.
मीडिया से बातचीत में राजकुमार ने कथित तौर पर बताया कि 25 नवंबर की शाम शराब पीने के बाद खाना बनाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था. उसके अनुसार, विवाद बढ़ने पर उसने पाइप से हमला किया और बाद में तीर से गले पर वार किया. पुलिस ने अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच पूरी नहीं की है. इसलिए मौत और घटना की परिस्थितियों पर अंतिम निष्कर्ष जांच के बाद ही सामने आएगा.
