भाजपा सांसद ढुलू महतो की बेटी साक्षी कुमारी के विवाह समारोह में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन धनबाद के चिटाही पहुंचे. समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार समेत कई विशिष्ट मेहमानों के शामिल होने का कार्यक्रम था.
साक्षी कुमारी का विवाह बोकारो जिले के दुग्दा बस्ती निवासी निरंजन साव के पुत्र रविकांत साव के साथ हुआ. विवाह समारोह के लिए चिटाही गांव को विद्युत रोशनी और तोरण द्वारों से सजाया गया था.
बड़े आयोजन के लिए विशेष इंतजाम
आयोजकों की ओर से डेढ़ से दो लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई थी. इसके लिए चिटाही फुटबॉल मैदान, रामराज मंदिर परिसर, गांव और आसपास के इलाकों में कई बड़े पंडाल बनाए गए. वीआईपी और वीवीआईपी मेहमानों के लिए अलग भोजन पंडाल की व्यवस्था की गई थी.
जयमाला मंच को तिरुपति बालाजी मंदिर की थीम पर तैयार किया गया था. समारोह में छह राज्यों के कलाकारों के सांस्कृतिक कार्यक्रम और झांकियां भी प्रस्तावित थीं.
यातायात और सुरक्षा व्यवस्था
मुख्यमंत्री और अन्य विशिष्ट मेहमानों के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन ने समारोह स्थल, हेलीपैड, पार्किंग और पहुंच मार्गों का निरीक्षण किया. राहुल चौक से महुदा मोड़ तक फोरलेन सड़क पर भारी वाहनों के परिचालन में बदलाव किया गया था.
