मध्य प्रदेश के धार जिले के टाणा गांव में सरकारी प्राथमिक स्कूल के बच्चों को कक्षा के लिए वैकल्पिक जगहों का सहारा लेना पड़ रहा है. जर्जर स्कूल भवन के कारण कभी मंदिर और कभी स्कूल परिसर में बने नए बालिका शौचालय में बच्चों को बैठाकर पढ़ाए जाने की तस्वीर और वीडियो सामने आया है. स्कूल में कुल 22 बच्चे पढ़ते हैं.
मामला सामने आने के बाद ब्लॉक शिक्षा अधिकारी हीरालाल निगवाल और बीआरसी विजय कुमार शुक्ला मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और पंचनामा तैयार कराया. मामले की जांच रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को भेजे जाने की बात कही गई है.
पुराना भवन जर्जर, नया भवन अधूरा
बीईओ हीरालाल निगवाल के मुताबिक, स्कूल के पुराने भवन की हालत जर्जर थी और उसे हटाने का आदेश करीब दो साल पहले दिया गया था. विभागीय आकलन के बाद जिला कार्यालय को रिपोर्ट भेजी गई थी. सरपंच और सचिव को भी भवन हटाने के संबंध में पत्र जारी किए गए थे. हालांकि, बच्चों के लिए स्थायी वैकल्पिक भवन की व्यवस्था समय पर नहीं हो सकी.
बीआरसी विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि गांव में नया प्राथमिक स्कूल भवन बनाया जा रहा है, लेकिन उसका निर्माण अभी पूरा नहीं हुआ है. भवन तैयार होने के बाद बच्चों को वहां स्थानांतरित किया जाएगा. तब तक श्री जितेंद्र मंडल की सहमति से मंदिर के हॉल में पढ़ाई की व्यवस्था की गई है.
शौचालय में बच्चों को बैठाना गलत बताया
अधिकारियों के अनुसार, मौके पर बच्चों को मंदिर के हॉल में पढ़ते हुए पाया गया. बीईओ ने कहा कि घटना वाले दिन तेज धूप के कारण मंदिर में परेशानी हो रही थी और शिक्षक के अनुसार 7-8 बच्चों को कुछ समय के लिए शौचालय में बैठाया गया था. उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों को इस तरह बैठाना गलत है.
ग्रामीण राधेश्याम मुजाल्दा ने बताया कि करीब छह महीने पहले बालिका शौचालय बनाया गया था, लेकिन उसका नियमित उपयोग शुरू नहीं हुआ था. इसी वजह से उसे अस्थायी बैठने की जगह के तौर पर इस्तेमाल किया गया.
बीआरसी के मुताबिक, बच्चों ने बताया कि एक जीप से आए दो लोगों ने उन्हें शौचालय में बैठाया और दरवाजा खोलकर तस्वीर खींची. इस दावे की विभागीय स्तर पर जांच की जा रही है. फिलहाल बच्चों की पढ़ाई मंदिर और अन्य वैकल्पिक स्थानों पर जारी है.
